शतरंज ओलंपियाड 2026: भारतीय पुरुष टीम की स्पेन पर शानदार जीत, महिला टीम ने मंगोलिया को भी हराया
समरकंद (उज़्बेकिस्तान): 46वें फीडे शतरंज ओलंपियाड के चौथे राउंड में 19 सितंबर को भारतीय पुरुष टीम ने स्पेन के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। इसी के साथ टीम ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार जीत की रफ्तार बरकरार रखी। वहीं महिला टीम ने भी मंगोलिया को हराकर अपनी जीत की लय जारी रखी।दोनों टीम के लिए यह चौंथी जीत रही

पुरुष टीम के मुकाबले में अर्जुन एरिगैसी ने स्पेन के मक्सिम चिगायेव को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। यह जीत उनके लिए बेहद खास रही, क्योंकि इससे पहले के तीन राउंड में वे जीत से दूर रहे थे, लेकिन इस बार उन्होंने पूरी बाजी पर बेहद नियंत्रित अंदाज़ में खेलते हुए यह जीत अपने नाम की।

चौथे बोर्ड पर गुकेश डी ने भी दिग्गज खिलाड़ी अलेक्सी शिरोव के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की, गुकेश की यह लगातार दूसरी और प्रतियोगिता में तीसरी जीत रही । शीर्ष बोर्ड पर प्रज्ञानानंद का मुकाबला डेविड एंतोन गिजारो के साथ ड्रॉ रहा, जबकि तीसरे बोर्ड पर निहाल सरीन भी खाइमे सैंतोस लतासा के साथ ड्रॉ ही निकाल पाए। इस तरह भारत ने मुकाबला 3-1 से जीत लिया।

महिला टीम ने भी अपने मुकाबले में मंगोलिया को 3-1 से हराकर लगातार जीत की राह पर आगे बढ़ना जारी रखा। पहले बोर्ड पर हम्पी कोनेरू का मुकाबला डब्ल्यूआईएम बत-एर्देने मुंगुनज़ुल के साथ ड्रॉ पर छूटा, और दूसरे बोर्ड पर वैशाली रमेशबाबु भी डब्ल्यूजीएम तुर्मुंख मुंखज़ुल के खिलाफ ड्रॉ ही निकाल पाईं।

हालांकि तीसरे और चौथे बोर्ड पर भारत ने पूरी बढ़त बनाई - दिव्या देशमुख ने डब्ल्यूसीएम खिशिगबातार बयासगालन को और सविता श्री बी ने आईएम बत्खुयाग मुंगुनतुउल को हराकर टीम को 3-1 की जीत दिलाई।
अन्य मुकाबलों में भी बड़ी टीमों ने अपनी ताकत दिखाई। अमेरिका ने यूक्रेन को 3.5-0.5 से रौंदा, जिसमें फैबियानो कारुआना, वेस्ले सो और लेवोन आरोनियन ने जीत दर्ज की। गत चैंपियन उज़्बेकिस्तान ने तुर्किये को 2.5-1.5 से हराया, जिसमें नोदिरबेक याकूबबोएव की जीत निर्णायक रही जबकि बाकी तीन बोर्ड ड्रॉ पर छूटे। चीन ने सर्बिया को 3-1 से मात दी, जिसमें वेई यी और कोंग शियांगरुई ने जीत दर्ज की।
चौथे राउंड के बाद भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें लगातार जीत के साथ टूर्नामेंट में मजबूत स्थिति में बनी हुई हैं। अर्जुन एरिगैसी की पहली जीत और गुकेश डी की शिरोव पर मिली बड़ी जीत पुरुष टीम के लिए खास तौर पर उत्साहजनक रही।
देखें राउंड 5 का सीधा परसारण आज दोपहर तीन बजे से
पिछले राउंड के सीधे प्रसारण
Round 4 Games - Open
Round 4 Games - Women











