शतरंज ओलंपियाड 2026: भारतीय पुरुष टीम की नीदरलैंड्स पर बड़ी जीत, महिला टीम को पोलैंड नें दिया झटका ,आज उज्बेकिस्तान और यूएसए की चुनौती

समरकंद (उज़्बेकिस्तान):( निकलेश जैन )

पुरुष टीम के मुकाबले में शीर्ष बोर्ड पर प्रज्ञानानंद ने दिग्गज खिलाड़ी अनीश गिरी को हराकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई यह खेल बेहद उतार चढ़ाव भरा रहा जब मध्य खेल में प्रज्ञानन्दा हार के करीब पहुँच गए थे पर अनीश नें उनके वजीर की अदला बदली की चाल को स्वीकार करके उन्हें वापसी का मौका दे दिया ।

चौथे बोर्ड पर विश्व चैंपियन डी गुकेश ने टीम के लिए चौंथी जीत दर्ज की और उन्होंने अनुभवी एर्विन एलामी के खिलाफ जीत दर्ज की। दूसरे और तीसरे बोर्ड पर क्रमशः अर्जुन एरिगैसी का मुकाबला योर्डन वान फोरेस्ट के साथ और निहाल सरीन का मुकाबला लूक वान वेली के साथ ड्रॉ पर छूटा। इस तरह भारत ने मुकाबला 3-1 से जीत लिया। भारत की यह लगातार पांचवीं जीत रही । 

महिला टीम के मुकाबले में पोलैंड ने भारत को कड़ी टक्कर दी। शीर्ष बोर्ड पर हम्पी कोनेरू का मुकाबला आईएम ओलिविया किओलबासा के साथ ड्रॉ पर रहा। दूसरे बोर्ड पर वैशाली रमेशबाबु को आईएम अलेक्सांद्रा मालत्सेव्स्का के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जो टीम के लिए निर्णायक साबित हुई। तीसरे बोर्ड पर दिव्या देशमुख का मुकाबला आईएम क्लाउदिया कुलोन के साथ और चौथे बोर्ड पर वंतिका अग्रवाल का मुकाबला जीएम मोनिका सोत्स्को के साथ ड्रॉ पर छूटा। इस तरह भारत को मुकाबला 1.5-2.5 से गंवाना पड़ा। टीम के लिए यह अब तक के अभियान का पहला झटका है।

अन्य मुकाबलों में भी दिलचस्प नतीजे देखने को मिले। पुरुष वर्ग में गत चैंपियन उज़्बेकिस्तान ने हंगरी को 4-0 से क्लीन स्वीप किया, जिसमें नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव, जावोखिर सिंदारोव, नोदिरबेक याकूबबोएव और शम्सिद्दीन वोखिदोव सभी ने जीत दर्ज की। जर्मनी ने टॉप सीड अमेरिका को 2.5-1.5 से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया  , जिसमें फ्रेडरिक श्वाने की जीत निर्णायक रही जबकि बाकी तीन बोर्ड ड्रॉ पर छूटे। चीन और आर्मेनिया के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर छूटा, जिसमें सभी चारों बोर्ड ड्रॉ रहे।पुरुष वर्ग में फ़िलहाल भारत , उज़्बेकिस्तान और जर्मनी अपने पांचों मुक़ाबले जीतकर सबसे आगे चल रहे है . 

पांचवें राउंड के बाद भारतीय पुरुष टीम लगातार जीत के साथ मजबूत स्थिति में बनी हुई है, जबकि महिला टीम को अपने अभियान की पहली हार से उबरकर आगे के मुकाबलों में वापसी करनी होगी।

आज भारतीय टीम उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलेगी आइये जाने बोर्ड ऑर्डर क्या है और कौन किससे खेल रहा है

देखें आज एक इस महा मुकाबले का सीधा प्रसारण हिंदी चेसबेस इंडिया पर